रुड़की। एटीएम कार्ड को लेकर बरती गई जरा सी लापरवाही में एक शिक्षक ने 5.81 लाख रुपये गंवा दिए। एटीएम कार्ड गुम होने के बाद खाते से किसी ने रकम गायब कर दी। दरअसल शिक्षक के पिता ने याद रखने के लिए कोड एक कागज पर लिखा हुआ था। एटीएम कार्ड इसी कागज से लिपटा हुआ था। कोड सहित एटीएम कार्ड मिलने पर पूरा खाता नगदी से खाली कर दिया गया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी शिक्षक के पिता का प्राइवेट बैंक में खाता है। कुछ दिन से एटीएम कार्ड शिक्षक के पास था। करीब 15 दिन पहले कार्ड गुम हो गया था। लेकिन शिक्षक को इसका पता नहीं चला। एटीएम कार्ड के साथ कोड लिखा कागज मिलने से रुपये निकालने वाले की राह आसान हो गई। उसने धीरे-धीरे करीब 5.81 लाख रुपये निकालकर पूरा खाता खाली कर दिया। खाते में सिर्फ 60 रुपये बचने पर बैंक की ओर से उन्हें जानकारी दी गई। तब जाकर एटीएम खोने और नगदी निकलने का पता चला तो शिक्षक के पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की।
यह रही लापरवाही
रुड़की। शिक्षक की लापरवाही यह रही कि कोड लिखे कागज को एटीएम कार्ड के साथ रखा गया। उसके बाद दूसरी लापरवाही यह रही कि मोबाइल अलर्ट की सुविधा एक्टिव नहीं कराई। यदि मोबाइल पर पहली बार रकम निकालने पर मैसेज मिलता तो शायद खाता ब्लॉक कराते हुए कुछ रकम बचाई जा सकती थी।
एटीएम बदल खाते से निकाले 22 हजार
रुड़की। शहर में एटीएम बदलकर खाते से रुपये निकालने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खंजरपुर निवासी कमलेश का एटीएम कार्ड बदलकर 22 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रुपये निकालने के लिए खंजरपुर से वह रुड़की आया था। हाईवे पर एक एटीएम न चलने पर वह जब बाहर निकलने लगा तो बाहर खड़े युवक ने मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड ले लिया और दूसरा कार्ड वापस कर दिया। इसके आधे घंटे बाद खाते से 22 हजार रुपये निकलने का मैसेज मोबाइल मिला। तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।