तांशीपुर से लापता किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसके घर में कई दिन से तंत्र क्रिया करने वाला तांत्रिक ही उसे भगा ले गया था। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नाबालिग के अपहरण व पोक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली अंतर्गत एक ग्रामीण की पुत्री 26 अगस्त की सुबह लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का शक जताया था। इस मामले की जांच कर रहे एसआई सत्येंद्र सिंह धामा ने बृहस्पतिवार को एक सूचना के आधार पर गंगनहर पटरी स्थित रेलवे पुल के पास से नाबालिग को बरामद कर लिया। वह परवेज निवासी नन्हेड़ा थाना भगवानपुर के साथ कहीं जा रही थी। पुलिस के अनुसार परवेज उनके घर पर कई दिनों से तंत्र क्रिया कर रहा था। मौका पाकर वह नाबालिग को भगाकर ले गया था। पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल कराने भेजा है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि नाबालिग की गुमशुदगी को अपहरण तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं में तरमीम किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश की जाने की तैयारी की जा रही है।