गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक नगर पंचायत में दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए और जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने दूसरे के माइक तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक नगर पंचायत में एक प्रत्याशी के पक्ष में बाहर से एक नेता जनसभा को संबोधित करने आए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान नारेबाजी को लेकर दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने एतराज जताया और हंगामा हो गया। देखते ही देखते दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि एक प्रत्याशी के समर्थकों ने दूसरे प्रत्याशी के स्टेज पर चढ़कर माइक तोड़ दिए।
इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि अब तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी ने चुनाव में गड़बड़ी की तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।