लक्सर क्षेत्र की एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने तथा जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में पति सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने ससुर पर भी आरोप लगाएं है।
थाना मंगलौर के अंतर्गत एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शादी 22 फरवरी 2015 को दाबकी कलां निवासी पारस कुमार पुत्र अजब सिंह के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि 7 तारीख की रात को उसका ससुर उसके कमरे में आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर ससुर ने महिला के साथ मारपीट की । तहरीर के अनुसार जब महिला ने अपने पति को यह बात बताई तो आरोप है कि उसके पति ने अपनी माता व बहन के साथ मिलकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की है। वहीं गले में चुन्नी डालकर हत्या का प्रयास किया गया है। लेकिन महिला किसी तरह बच निकली। जिसके बाद महिला किसी तरह ससुराल से निकलकर परिजनों संग कोतवाली पहुंची और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर ससुर अजब सिंह, पति पारस, सास व नंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल नवीन चंद सेमवाल ने बताया कि मामले को लेकर छानबीन की जा रही है।