यदि आपने अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड राशन डीलर के पास जमा नहीं कराए हैं तो आज (मंगलवार) आधार कार्ड जमा कराने का अंतिम दिन है। वरना अगले माह से सस्ता राशन भी भूल जाइए। शासन की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
खाद्य विभाग सस्ते राशन की दुकानों को ऑललाइन करने के लिए सभी उपभोक्ताओं से आधार कार्ड जमा कराने के लिए बार-बार अपील कर रहा है। इसमें राशन कार्ड के मुखिया के अलावा उन सभी सदस्यों के आधार कार्ड जमा होने हैं, जिनके नाम कार्ड में दर्ज है। यदि लक्सर तहसील में उपभोक्ता की संख्या पर ध्यान दें तो 58271 राशन कार्ड में 249648 सदस्य (यूनिट) दर्ज हैं। इन सभी यूनिट के आधार कार्ड जमा कराने के लिए खाद्य विभाग बार-बार अपील कर रहा है। जिसके तहत अभी तक 51650 राशन कार्ड की 166874 यूनिट जमा हो चुकी है। जबकि 6621 कार्ड की 82744 यूनिट जमा होनी बाकी है।
यदि आपने अपने राशन कार्ड के सदस्यों के आधार कार्ड राशन डीलर के पास जमा नहीं कराए हैं तो आज (मंगलवार) को इसका अंतिम दिन है। इसके बाद राशन कार्ड तो रहेंगे, पर उन पर राशन नहीं मिलेगा। क्योंकि मार्च से विभाग इन सभी राशन उपभोक्ता का विवरण ऑनलाइन करने जा रहा है। जिसके लिए आधार कार्ड अति आवश्यक है। आधार कार्ड जमा करने के बाद विभाग राशन की दुकानों पर बॉयोमैट्रिक मशीन लगाने जा रहा है। उसके बाद अप्रैल से बॉयोमैट्रिक मशीन के माध्यम से ही उपभोक्ताओं को राशन मिलेगा। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक करीब 84 प्रतिशत आधार कार्डों को जमा कराने का काम पूरा हो चुका है, जो मंगलवार तक कार्ड नहीं देगा, उसकी ऑनलाइन फीडिंग नहीं होने से उसे मार्च से राशन नहीं मिलेगा। ऐसे निर्देश शासन की ओर से मिले हैं।