रुड़की। हिंदी व कृषि हिंदी के पेपर के साथ ही जनपद में बोर्ड परीक्षा का आगाज हो गया है। हिंदी का आसान पेपर देखकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। इस दौरान फ्लाइंग स्क्वाइड टीम ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया, लेकिन किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
सोमवार की सुबह नौ बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। साढ़े नौ बजे तक परीक्षा केंद्रों के गेट पर भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हो गए। इसके बाद छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। वहीं निर्धारित समय 10 बजे परीक्षा शुरू हुई। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर फ्लाइंग स्क्वाइड ने पहुंचकर चेकिंग की। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने टीम के साथ भगवानपुर के आरएनआई, बीडी इंटर कालेज, राष्ट्रीय इंटर कालेज इमलीखेड़ा आदि केंद्रों पर पहुंचकर चेकिंग की, लेकिन चेकिंग के दौरान कोई नकलची नहीं मिला। एक बजे जैसे ही परीक्षा समाप्त कर केंद्रों से छात्र-छात्राएं बाहर निकले तो उनके चेहरे खिले हुए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को हिंदी व कृषि हिंदी के प्रश्नपत्र आसान आए। इस कारण छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले हुए थे। करीब चार बजे तक रुड़की के आसपास के केंद्रों ने राजकीय इंटर कालेज में कॉपियां जमा कराईं। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि विभिन्न केंद्रों पर चेकिंग की गई, लेकिन कहीं पर कोई नकल का मामला पकड़ में नहीं आया है।