कस्बा के एक स्कूल के नौवीं कक्षा के तीन छात्र स्कूल में बीयर की बोतलें लेकर पहुंचे और लंच टाइम में खुद तो बीयर पी ही, धोखे से दो छात्राओं को भी पिला दी। नशा होने पर दोनों छात्राएं बेहोश हुई तो स्कूल में हड़कंप मच गया। आननफानन में स्कूल में छुट्टी कर दी गई। उसके बाद घटना से नाराज अभिभावकों के फोन स्कूल में घनघनाए तो प्रबंधन ने तीनों छात्रों के नाम स्कूल से काट दिए।
इस स्कूल में 10वीं तक की कक्षाएं चलती हैं। करीब छह सौ बच्चे इस स्कूल में हैं। शनिवार को नौवीं कक्षा के तीन छात्र बैग में बीयर लेकर स्कूल पहुंचे। लंच के दौरान तीनों छात्रों ने बीयर पी और धोखे से पास में बैठी छात्राओं को भी पिला दी। नशा होने पर दो छात्राएं बेहोश हो गई। यह खबर स्कूल में आग की तरह फैल गई। शिक्षकों ने पड़ताल की तो बीयर पीने की बात सामने आई। उसके बाद स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में डेढ़ घंटे पहले ही दोपहर करीब दो बजे स्कूल में छुट्टी कर दी। घर पहुंचते ही कुछ छात्र-छात्राओं ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इससे नाराज अभिभावकों ने स्कूल में फोन कर घटना पर प्रधानाचार्य से आपत्ति जताई। मामला बढ़ता देख प्रधानाचार्य ने तत्काल प्रभाव से तीनों छात्रों के नाम स्कूल से काट दिए। प्रधानाचार्य का कहना है तीनों छात्रों से बीयर ले ली गई थी। उसके बाद इनके नाम काट दिए गए हैं। भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए स्कूल प्रबंधन ठोस कदम उठा रहा है। इसके बावजूद अभिभावकों में रोष बना हुआ है।
आनन-फानन में छुट्टी करने पर अभी यह पता नहीं चल पाया है कि स्कूल के कितने छात्र-छात्राओं ने बीयर पी थी। लेकिन तीन छात्रों और बेहोश हुई दो छात्राओं के अलावा कुछ और छात्र भी रास्ते में लड़खड़ाते हुए देखे गए। जिन्हें उनके साथियों ने पकड़ कर घर तक पहुंचाया।