कलियर थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ ई-रिक्शा में छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री रुड़की से कोचिंग कर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाजूहेड़ी मेहवड़ पुल के पास ई-रिक्शा में चालक के पास बैठा एक युवक उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा और छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और उसके साथ मारपीट करने लगा।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मेहवड़ कलां स्थित एक मकान में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपी की पहचान करने की कोशिश की गई लेकिन संबंधित मकान मालिक की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के बाद से उसकी पुत्री सदमे में है और डरी हुई है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।