सुल्तानपुर क्षेत्र के बाक्करपुर गांव में गड्ढे से मिले नर कंकाल को सील करती पुलिस मौके पर जमा भीड
- फोटो : ROORKEE
बंद पड़े शौचालय के गड्ढे में नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और नर कंकाल को गड्ढे से बाहर निकाला। पुलिस ने कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल की बारीकी से छानबीन कर रही है।
मूल रूप से बहादराबाद के सांतरशाह गांव निवासी त्रिलोक सिंह ने करीब पांच साल पहले सुल्तानपुर क्षेत्र के बाक्करपुर गांव में कुछ जमीन और एक मकान खरीदा था। वह अपने गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी करते हैं। इसके चलते मकान तभी से बंद पड़ा है। मकान के पास ही शौचालय बना हुआ है, जो जर्जर हो चुका है। शौचालय के गड्ढे पर सीमेंट के पट रखे हुए हैं, जिनमें लोहे के सरिये लगे हैं। कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने सरिये चोरी करने की कोशिश की थी, जिससे सीमेंट के पट टूट गए थे।
शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण शौचालय के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने गड्ढा खुला देखा तो झांककर देखने लगे। गड्ढे में नर कंकाल दिखने से उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने गांव पहुंचकर सूचना दी। तुरंत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भिक्कमपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। चौकी प्रभारी आशीष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से कंकाल बाहर निकाला। चौकी प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि कंकाल काफी पुराना लग रहा है। उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
--
पुराने और नए मकान मालिक से होगी पूछताछ
पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही पुराने और नए मकान मालिक से पूछताछ की तैयारी में है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि किसी की हत्या कर शव छिपाने के लिए शौचालय के गड्ढे में डाला गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
--
पहचान करना होगा चुनौती
शौचालय के गड्ढे से नर कंकाल मिलने के बाद पुलिस के सामने इसकी पहचान करना बड़ी चुनौती है। वहीं, शौचालय का गड्ढा करीब 20 फीट गहरा है। पुलिस गड्ढे के अंदर जाकर जांच करेगी कि कोई ऐसा कपड़ा या धातु तो पड़ा है, जिससे पहचान हो सके।