भगवानपुर। लोगों की शिकायत पर एसडीएम ने बुग्गावाला क्षेत्र के दो स्टोन क्रशरों पर छापा मारा। इस दौरान टीम को शिकायत के मुताबिक स्टोन क्रशरों पर अवैध खनन सामग्री मिली। टीम की ओर से जांच रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजी जा रही है।
बुग्गावाला क्षेत्र के लोग काफी समय से क्षेत्र के दो स्टोन क्रशरों की शिकायत कर रहे थे। आरोप था कि स्टोन क्रशर स्वामी बाहर से खनन सामग्री लाकर अवैध तरीके से स्टोर कर रहे हैं। साथ ही मानकों के विपरीत खोदाई करने से आसपास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम स्मृता परमार असवाल ने बृहस्पतिवार को स्टोन क्रशरों पर छापा मारा। सूचना मिलते ही अन्य स्टोन क्रशरों में भी हड़कंप मच गया। कई स्टोन क्रशर मालिक मौके से फरार हो गए। टीम ने दोनों स्टोर क्रशरों पर छापा मारकर वहां पड़ी खनन सामग्री की जांच की। साथ ही स्टोन क्रशरों पर बने गड्ढों की पैमाइश की। एसडीएम ने बताया कि मौके पर मिली खनन सामग्री का मालिकों के पास कोई ब्योरा नहीं था। वहीं, स्टोन क्रशरों पर बने गड्ढों पर भी जरूरत से ज्यादा खनन सामग्री का उठान पाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। उनके निर्देशानुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार सुशील कुमार सैनी, लेखपाल संजय कुमार आदि मौजूद रहे।