लक्सर। रेलवे बुकिंग हॉल से एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे की भीतर ही घटना का खुलासा करते हुए जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रमेश कुमार निवासी बिसलपुर जनपद पीलीभीत उप्र 13 सितंबर को बसेड़ी स्थित ईंट-भट्ठे पर किसी काम से आया था। 13 सितंबर की रात को ट्रेन से वह लक्सर पहुंचा। देर रात होने के कारण वह बुकिंग हॉल में बैठ गया और मोबाइल को चार्जिंग पर लगा दिया, जहां से उसका मोबाइल फोन किसी ने चोरी कर लिया। रमेश ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। सीसीटीवी की जांच और सामने आए सुरागों की मदद से जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी, एएसआई अतुल कुमार और कांस्टेबल सोनू व अमित की टीम ने एक ठिकाने से चोरी के आरोपी सचिन उर्फ माठा निवासी ग्राम खड़ंजा कुतुबपुर कोतवाली लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज है। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।