दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से लाखों की ठगी करने के मामले में पुलिस ने बयान दर्ज किए हैं। इसके अलावा कारोबारी से बैंक खाते संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली। जल्द ही पुलिस इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र के घर नोएडा में दबिश दे सकती है।
सिविल लाइंस निवासी मुकेश गर्ग ने पिछले दिनों पुलिस को बताया था कि नोएडा निवासी पिता-पुत्र से उनकी मुलाकात हुई थी। दोनों ने बताया था कि उनकी दुबई में ज्वेलरी फर्म है, जिसमें डायरेक्टर का पद खाली है। वह उनके बेटे को डायरेक्टर पद की नौकरी दे सकते हैं और अच्छा पैकेज भी मिलेगा। दोनों पिता-पुत्र ने नौकरी लगवाने की एवज में 50 लाख रुपये मांगे थे। उनके झांसे में आकर बेटे की नौकरी के लिए उन्होंने रकम दी थी। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर रकम वापस मांगी तो इनकार कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने संजय दीवान पुत्र राजकुमार और शीतल दीवान पुत्र संजय दीवान निवासी सेटर-4 एयरलाइन सोसाएटी, ग्रेटर नोएडा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस ने मामले में पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए। साथ ही बैंक खाते संबंधी साक्ष्य जुटाए। एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि आरोपी शीतल दीवान दुबई में ही रह रहा है, जबकि उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोग नोएडा में ही रह रहे हैं। जल्द ही मामले में नोएडा जाकर जांच की जाएगी।