एसपी देहात ने किया थाना पिरान कलियर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पिरान कलियर। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने रविवार को थाना पिरान कलियर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बैरक की सफाई व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, राइफलों की सफाई और सामान के रख-रखाव की जांच की। एसपी देहात ने अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सत्यापन, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। सीएम पोर्टल सहित अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए। एसपी देहात ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाई गईं खामियाें को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एसएसआई बबलू चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।