उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी परिसर में शनिवार को एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आए किसानों को गेहूं के साथ ही गन्ना लगाने की विधि के बारे में जानकारी दी गई।
किसान गोष्ठी में गन्ना वैज्ञानिक डाॅ. डीपी फोन्डे ने कहा कि गेहूं के साथ गन्ना लगाने से किसानों को अलग से खेत की तैयारी नहीं करनी पड़ेगी। इससे किसानों को समय की बचत के साथ-साथ आर्थिक बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की बुआई मेड़ पर करने से 15 से 20 प्रतिशत तक की पैदावार में बढ़ोतरी होगी। गेहूं के साथ गन्ने की बुआई करने से वो समय पर हो जाएगी।
इससे गन्ने का उत्पादन भी बढ़ेगा और किसानों को बुआई के लिए बीज की किल्लत भी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं के साथ गन्ने की बुआई करने से गन्ने को दो से तीन माह का अतिरिक्त समय मिल जाएगा। इससे गन्ने की पैदावार में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी।
शुगर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह लाम्बा ने मिल की ओर से किसान हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे किसानों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गोष्ठी के माध्यम से किसानों से अपील की कि वह मिल को अपना समझकर ज्यादा से ज्यादा गन्ना मिल को सप्लाई करें।
गोष्ठी की अध्यक्षता किसान नेता सुरेंद्र सिंह दहियाकी ने की। इस अवसर पर गन्ना महाप्रबंधक अनिल सिंह, भाकियू के संजय चौधरी, राजबीर सिंह, पवन सिंह, ऋषिपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, कुलबीर सिंह, अनुराग राठी, सुनील कुमार(बिट्टू), राममूर्ति, राजेश कुमार सिंह, राकेश लोहान सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।