लक्सर। ससुरालवालों को 50 हजार रुपये उधार देने से इन्कार करना दामाद को महंगा पड़ गया। ससुरालियों ने दामाद के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी जबरन घर में रखे जेवर और 70 हजार की नकदी उठाकर ले गए। पीड़ित ने पत्नी के भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
लक्सर कोतवाली के खड़ंजा कुतुबपुर गांव निवासी उस्मान ने तहरीर देकर बताया कि पथरी थाना क्षेत्र के एथल गांव में उसकी ससुराल है। उसकी पत्नी दो बार उसे बिना बताए मायके चली गई थी। बाद में वापस आकर उसके साथ रहने लगी। 10 सितंबर को उसकी पत्नी के भाई गुलजार, वसीम, सद्दाम और आसिफ उसके घर आए। उसने सास और पत्नी के भाइयों की खातिरदारी की।
कुछ देर बैठने के बाद उन्होंने उससे जरूरत बताकर 50 हजार रुपये उधार मांगे। उस्मान के अनुसार, उसने बहन की शादी नजदीक आने की बात कहते हुए पैसे देने में असमर्थता जताई। इसपर आरोपी भड़क गए। उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी ने अलमारी खोलकर जेवर और 70 हजार की नकदी अपने भाइयों को दे दी। पैसे और जेवर लेकर उसकी पत्नी के भाई झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर वहां से चले गए। उसकी पत्नी भी उन्हीं के साथ चली गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।