रुड़की। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रुड़की की मंदाकिनी कॉलोनी निवासी हिमांशु (20) पुत्र सुशील कुमार रविवार रात बाइक से मां मीना के साथ किसी काम के चलते बाजार आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रोडवेज बस अड्डे के पास होटल पोलारिस के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक सहित हाईवे पर जा गिरे और घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां का उपचार चल रहा है। सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।