बीईजी परिसर में सेना के जवान का एटीएम कार्ड चोरी कर साथी ने नौ हजार रुपये उड़ा लिए। सिविल लाइंस कोतवाली में उक्त आशय की तहरीर देकर पीड़ित ने जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सेना के जवान अनिकेत सिंह ने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक में उसका सैलरी एकाउंट है। एटीएम कार्ड पर ही उसने पिन कोड भी अंकित कर दिया था। इसी का फायदा उठाकर किसी साथी ने उसके एटीएम पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद एकाउंट में पड़े नौ हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का मैसेज देखकर अनिकेत ने अपना कार्ड ढूंढा तो वह गायब था। 30 जुलाई की घटना के बाद वह कहीं बाहर चला गया था।
लौटने पर अपने एक अन्य साथी के साथ अनिकेत बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सिविल लांइस कोतवाली प्रभारी एमएस नेगी का कहना है कि जिस एटीएम से पैसे निकाले गए हैं, उसकी फुटेज की जांच कराई जाएगी। इसके बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।