रुड़की। रक्षाबंधन के लिए इकलौती बहन को मौसी के घर से बाइक पर लेकर आ रहे भाई के सामने ही एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। आंखों के सामने बहन की मौत से भाई बदहवास है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
अकबरपुर ढांढेकी निवासी अक्षय (पुत्र गजेंद्र) की इकलौती छोटी बहन अंजलि (12 वर्ष) बहादराबाद स्थित मौसी के घर गई हुई थी। रक्षाबंधन को देखते हुए अक्षय बुधवार सुबह बहन को लेने मौसी के घर पहुंचा। सुबह करीब 11 बजे वह बहन को बाइक पर बैठा कर मौसी के यहां से वापस अपने गांव आ रहा था। मलकपुर चुंगी के समीप एक कारसवार ने अचानक खिड़की खोल दी। इससे बचने के लिए अक्षय ने ब्रेक लगाए तो पीछे बैठी बहन उछलकर सड़क पर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई। बहन को अपनी आंखों के सामने ट्रक से कुचला देख अक्षय बदहवास हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंजलि का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया।
अब कौन बांधेगा राखी
अंजली तीन भाइयों की इकलौती और छोटी बहन थी। अक्षय अपनी बहन से बेहद प्यार करता था। इसलिए उसे लेने वह खुद मौसी के घर गया था। अक्षय का रो-रोकर बुरा हाल है। वह एक ही बात दोहरा रहा है उसके हाथ पर अब कौन राखी बांधेगा।