रुड़की से स्मैक की डिलीवरी देने आए आरोपी मादक पदार्थ तस्कर को बाजार चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 11 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी अनिकेत चौहान निवासी मिलापनगर रुड़की के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बाजार चौकी प्रभारी विपिन कुमार बुधवार देर शाम कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और होमगार्ड नितिन के साथ नगर के शिव चौक से केहड़ा जाने वाले मार्ग पर गश्त पर थे। इस दौरान एक निर्माणाधीन मकान के पास खड़े युवक ने पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास किया। संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो आरोपी से 11 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिकेत चौहान निवासी मिलाप नगर रुड़की बताया। उसने बताया कि रुड़की निवासी एक व्यक्ति के कहने पर वह स्मैक की डिलीवरी देने लक्सर आया था। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।