रुड़की। कुर्सी पर सोते मिले शिक्षक से जिला शिक्षा
अधिकारी माध्यमिक पुष्पारानी वर्मा ने स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही इस
मामले में प्रधानाचार्य की भी लापरवाही मानते हुए उनका भी जवाब तलब किया
है।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक पुष्पारानी वर्मा ने 16 नवंबर को
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारापुर भौरी का दोपहर करीब साढ़े बजे औचक
निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कक्षा-10 में विज्ञान विषय का वादन
था। जिसमें विज्ञान विषय के अध्यापक राजकुमार कक्षा में उपस्थित नहीं थे।
कक्षा सात में हिंदी विषय का वादन चल रहा था। जिसके अध्यापक महीपाल कुर्सी
पर सोते हुए मिले। डीईओ ने इस स्थिति को बेहद खेदजनक करार दिया है। इस
संबंध में दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं उन्होंने कहा है कि
प्रधानाचार्य को कक्षाओं का निरीक्षण करना चाहिए। उनके ऐसा न करने के कारण
कक्षाओं की यह स्थिति हो रही है। इसके लिए प्रधानाचार्य से भी स्पीष्टीकरण
मांगा गया है। शिक्षक डायरी भी नहीं बनी पाई गई है। डीईओ ने एक सप्ताह के
भीतर शिक्षक डायरी तैयार करने के निर्देश दिए हैं।