रुड़की। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने कटान के लिए गोवंश लाए जाने की सूचना पर एक लोडर की घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर ड्राइवर लोडर छोड़कर फरार हो गया। लोडर से एक गाय व दो बछड़े बरामद हुए हैं। ड्राइवर के फरार होने से गो तस्करी का शक और भी पुख्ता हो गया। बाद में लोडर छुड़ाने के लिए तमाम सिफारिशें भी पुलिस से की गई।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल को रविवार को एक लोडर में कटान के लिए गोवंश ले जाने की सूचना मिली। उन्होंने टीम बनाकर लोडर की तलाश शुरू कर दी। सलेमपुर और कमेलपुर के बीच पुलिस को एक लोडर नजर आया। घेराबंदी कर पुलिस ने लोडर का रोक लिया। इससे पहले कि पुलिस ड्राइवर से पूछताछ करती, वह लोडर छोड़कर भाग निकला। इससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया कि गोवंश को कटान के लिए ले जाया जा रहा था, लिहाजा पुलिस लोडर को कोतवाली ले आई। इसके बाद कुछ लोग लोडर को छुड़ाने के लिए सिफारिश लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस देर शाम तक छानबीन में जुटी हुई थी कि गोवंश कहां से और किस लिए लाए जा रहे थे। फरार ड्राइवर की भी तलाश की जाती रही। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि गोवंश तस्करी की सूचना पर एक लोडर को रोका गया था। लोडर का ड्राइवर फरार है, उसकी तलाश जारी है। मामले की छानबीन की जा रही है।