क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच की गई। चेकिंग में छह वाहन ओवरलोड, फिटनेस और बिना टैक्स जमा कराए दौड़ते मिले। इसके बाद इन छह वाहनों को सीज कर दिया गया। अधूरे कागजात, यातायात नियमों का उल्लंघन करने समेत अन्य कमियों पर 20 वाहनों के चालान किए गए।
सोमवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के एआरटीओ (प्रर्वतन) कृष्णा पलारिया की ओर से बुग्गावाला में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान में छह ऐसे वाहन मिले जो ओवरलोड, बिना फिटनेस और बिना टैक्स के दौड़ रहे थे। इसके बाद उन्हें संबंधित थाने में बंद कर दिया गया। इसके अलावा 20 ऐसे वाहन और चालक भी मिले जो अधूरे कागजातों, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने का उल्लंघन कर रहे थे।
इस कार्रवाई से देहात क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। इस बीच सीज और चालान की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन चालकों ने शॉर्टकट अपनाकर खेतों के रास्ते हुए अन्य स्थानों पर पहुंचना शुरू किया। एआरटीओ (प्रर्वतन) ने बताया कि देहात क्षेत्र में छह वाहनों को सीज किया गया है। 20 के चालान किए गए हैं।