लूट के मामले में छह ग्रामीण गिरफ्तार
- फोटो : amarujala
आल्टो कार सवारों से 90 हजार रुपये लूटने और गाली गलौज तथा मारपीट करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है जबकि पुलिस नौ फरार आरेापियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार श्यामवीर निवासी रजबपुर थाना लक्सर का दल्लावाला नाईवाला मार्ग पर पैचिंग का काम चल रहा है। बुधवार को श्यामवीर ने एक ट्रक पत्थरों का मंगाया था जब ट्रक नाईवाला गांव के पास पहुंचा तो अचानक पलट गया। ड्राइवर ने तत्काल ट्रक पलटने की सूचना श्यामवीर को दी थी। सूचना मिलते ही श्यामवीर, सत्यपाल निवासी रजबपुर अनंतराम और रोहित निवासी अकोढ़ा कलां अपनी आल्टो कार से मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि कुछ ग्रामीण ट्रक की डीजल टंकी से डीजल चोरी करने के साथ ही ट्रक में रखे अन्य सामान को भी खुर्द-बुर्द करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर ग्रामीणों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही कार के डेस्क बोर्ड में रखे 90 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खानपुर थानाध्यक्ष नवीन जुराल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और बल प्रयोग कर आरोपी ग्रामीणों के चंगुल से पीड़ितों को छुड़ाया। लक्सर सीओ देवेंद्र सिंह रावत ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कार के डेस्क बोर्ड से लूटे गये 90 हजार रुपये आरोपियों से बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मौके पर पकड़े गये ननवा, पप्पू, बंटी, निर्मल, मूलचंद, ध्यान सिंह, छोटू सभी नाईवाला के रहने वाले हैं।