यूकेएसएसएससी मामले में आरोपी खालिद मलिक के घर शनिवार सुबह एसआईटी टीम पहुंची और मामले की जांच की। बताया गया कि टीम ने परिवार के सभी सदस्यों से खालिद के बारे में जानकारी जुटाई है। इस दौरान खालिद के घर के बाहर पुलिस बल मौजूद रहा।
यूकेएसएसएससी मामले में सुल्तानपुर कस्बा निवासी खालिद मलिक के जुड़े होने की सूचना पर राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, नगर पंचायत सुल्तानपुर और पुलिस की संयुक्त टीम ने खालिद मलिक का विद्युत कनेक्शन काटकर उसके घर को सील कर दिया था।
साथ ही उससे जुड़े लोगों पर पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार नजर रखे हुए हैं। टीम इस संबंध में सभी से जानकारी जुटा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम आला अधिकारियों व भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लेकर नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर पहुंची थी।
इस दौरान लोगों में चर्चा हो रही थी कि टीम खालिद मलिक के घर को ध्वस्त करने के लिए आई है लेकिन टीम ने सुल्तानपुर कस्बा के बीच स्थित एक दुकान के बाहर टिनशेड को जेसीबी से हटा दिया था जो खालिद मलिक के किसी रिश्तेदार की है। उसके बाद टीम अली चौक पर पहुंची थी।
वहां पर पीडब्ल्यूडी की सड़क के किनारे हो रहे अतिक्रमण को हटाया था। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे एसआईटी टीम के एसपी देहात जया बलूनी, सीओ अंकित कंडारी, एसआई राजेश ध्यानी, पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर नताशा सिंह, कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर कस्बा स्थित खालिद मलिक के घर पहुंचे और मामले की जांच की। टीम डेढ़ घंटे तक जांच में जुटी रही।