सर, हॉस्टल मालिक गलत बर्ताव करता था और पुरुष मित्र बनाने का दबाव बनाता था। पुरुष मित्र नहीं बनाने का विरोध करने पर उसने हॉस्टल खाली करवा दिया। अब वह दूसरी जगह कमरा लेकर रह रही हैं तो हॉस्टल मालिक ने उनपर उसके हॉस्टल पर पथराव कराने का झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। चार छात्राओं ने एएसपी से मिलकर हॉस्टल मालिक की हरकतों की शिकायत की है। एएसपी ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची चार छात्राओं ने परिजनों के एएसपी कुश मिश्रा से मुलाकात की। छात्राओं ने बताया कि वह एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं और क्षेत्र की एक कॉलोनी में हॉस्टल में रह रही थी। बताया कि हॉस्टल मालिक का व्यवहार पहले तो उनके प्रति सही रहा लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह गंदी हरकतें और गलत बर्ताव करने लगा।
आरोप लगाया कि हाॅस्टल मालिक उनपर जबरन पुरुष मित्र बनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगा और हॉस्टल खाली करने का दबाव बनाने लगा। उन्होंने परिजनों से इसकी शिकायत की और दूसरे हॉस्टल में कमरा ले लिया। आरोप लगाया कि अब हॉस्टल मालिक ने उनके खिलाफ झूठी तहरीर देकर उसके हॉस्टल पर पथराव करने का आरोप लगाया है। पुलिस भी उनकी नहीं सुन रही है और उन्हें बार-बार कॉल कर परेशान कर रही है।
Roorkee: ईद की बधाई लेने गए ढोलकियों पर हमला, चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, दोनों पक्षों के कई लोग घायल
इस पर एएसपी कुश मिश्रा ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उन्हें हॉस्टल मालिक से डरने की जरूरत नहीं है और वह अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें। छात्राओं के परिजनों को भी विश्वास दिलाया कि वह परेशान न हों और अगर उनके बच्चों को कोई परेशान करेगा तो पुलिस कार्रवाई करेगी। साथ ही आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए संदिग्ध युवक
हॉस्टल मालिक के आरोपों की छात्राओं के परिजनों ने रुड़की पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। वहीं, इस संबंध में परिजनों ने एएसपी को भी जानकारी दी। इस पर एएसपी ने सीसीटीवी कैमरों में नजर आ रहे युवकों की जानकारी जुटाने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।
सर, रात को एक बजे कोतवाली में बुला रहे हैं दरोगा
छात्राओं ने एएसपी से शिकायत कर बताया कि मामले की जांच कोतवाली में तैनात एक दरोगा कर रहे हैं। बताया कि रात को एक-एक बजे कॉल कर दरोगा उनके और परिजनों के मोबाइल पर कॉल कर कोतवाली में बुला रहे हैं जिसके चलते वह और उनके परिजन डरे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ने जांच करवाने की बात कही।