साहब, जिम संचालक तेज आवाज में संगीत बजाता है। शिकायत करने पर धमकी देता है....नगर निवासी एक व्यक्ति ने जिम संचालक पर परेशान करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से गुहार लगाई है।
नगर के सोसायटी मार्ग निवासी पवन कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को शिकायतपत्र भेजकर बताया कि स्थानीय एक जिम संचालक के साथ उनका विवाद चल रहा है। इसका एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त व्यक्ति बिना अनुमति के ही जिम का संचालन कर रहा है। और उन्हें परेशान करने के लिए जानबूझकर जिम में तेज आवाज में संगीत बजाता है।
पवन कुमार गुप्ता के अनुसार, जिम में आने वाले कुछ युवक यहां से गुजरने वाली युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। उन्होंने इसकी शिकायत की तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें पूर्व में दर्ज कराई गई प्राथमिकी वापस लेने को कहा। प्राथमिकी वापस नहीं लेने पर इसी प्रकार तेज संगीत बजाने और उन्हें परेशान करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।