रुड़की। पांच दिन पहले सिविल अस्पताल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती को पुलिस ने यूपी के धामपुर से ढूंढ निकाला। परिजन पहले दिन से युवती के अपहरण कर बात कर रहे थे। मगर युवती नाटकीय घटनाक्रम में धामपुर से बरामद होने पर उनके दावे की हवा निकल गई। वहीं पुलिस और परिजनों का अब कहना है कि युवती रिश्तेदारी में चली गई थी।
शहर से सटे एक गांव की युवती पांच दिन पहले परिवार की महिलाओं के साथ सिविल अस्पताल में दवाई लेने आई थी। अचानक युवती गायब होने पर परिजनों ने रिश्तेदारी में खोजबीन कर गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी थी। इसी बीच उन्होंने पुलिस को बताया था कि युवती ने घर पर फोन किया है। जिसमें उसने खुद अपहरण की बात कही है, उसकी जान को खतरा भी हो सकता है। पुलिस लगातार लोकेशन के आधार पर बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर की खाक छान रही थी।
आखिरकार युवती नाटकीय अंदाज में धामपुर से बरामद हो गई। अस्पताल चौकी प्रभारी सुभाष कुुमार की अगुवाई में पुलिस टीम उसे रुड़की ले आई। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
- दिल्ली मिली युवती की लोकेशन
शहर के एक मोहल्ले से प्रेमी संग फरार हुई युवती की लोकेशन देर शाम दिल्ली में ट्रेस की गई। दोनों के परिजन और पुलिस उनकी तलाश में जुटे हैं। एसओजी ने रविवार शाम युवती की लोकेशन ढूंढ निकाली। देर रात पुलिस और दोनों के परिजन दिल्ली रवाना हो गए।