निरंकारी मिशन की ओर से बृहस्पतिवार को बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिन पर सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत रुड़की सहित देशभर के विभिन्न स्टेशनों पर साफ-सफाई की और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए एजीएम रेलवे सहित अन्य अधिकारी भी रुड़की पहुंचे।
निरंकारी मिशन की ओर से बृहस्पतिवार सुबह सैकड़ों सेवादार रुड़की स्टेशन पहुंचे। अलग-अलग टीमों ने स्टेशन परिसर और आसपास सफाई अभियान चलाया। साथ ही पौधरोपण किया। कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए एजीएम रेलवे वेदपाल सिंह दिल्ली से और सीनियर डीओएम पुष्पराज सिंह, सीनियर डीसीएम विवेक शर्मा मुरादाबाद से रुड़की पहुंचे। उन्होंने अभियान की सराहना की। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया। मिशन के जगदीश चंद्र, नरेश कुमार, चंद्रशेखर कोठारी आदि का कहना है कि बाबा हरदेव सिंह की जयंती पर देशभर के 263 स्टेशनों पर मिशन की ओर से सफाई और पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया है। इससे पहले केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत का संदेश देते हुए बाबा हरदेव से सहयोग मांगा था।
सुबह नौ बजे से शुरू सफाई अभियान दोपहर 12 बजे के बाद समाप्त हुआ। इसके बाद बीएसएम तिराहे के समीप स्थित निरंकारी भवन में सत्संग का भी आयोजन किया गया। इसमें दून से आई बहन सुशीला रावत ने सदगुरु माता सविंदर हरदेव सिंह का संदेश सुनाया। इस मौके पर नरेश गुप्ता, रविंद्र कुमार, प्रकाश सेमवाल, बबलू सैनी, डा. राजपाल, जितेंद्र सैनी, देवेंद्र कुमार, अमित आहूजा, गीता, प्रेमलता आदि उपस्थित रहे।