यात्रियों की संख्या घटने से सूना पड़ने लगा रुड़की रोडवेज बस अड्डा
रुड़की। भीषण गर्मी का असर अब रोडवेज संचालन और आसपास के कारोबार पर पड़ने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान से बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से घट रही है जिससे रोडवेज की आय प्रभावित हो रही है। हालत यह है कि चालक और परिचालक यात्रियों को मनाकर और सुविधाओं का भरोसा देकर बसों में बैठाने को मजबूर हैं। यात्रियों की कमी के चलते कई बसें निर्धारित समय से देरी से चल रही है।
रोडवेज बस अड्डे पर चालक सुभाष कुमार ने बताया कि दोपहर के समय यात्री घरों से निकलने से बच रहे हैं। कई बार बसें आधी खाली ही रवाना करनी पड़ती है। वहीं परिचालक इरफान अली ने कहा कि यात्रियों को सीट उपलब्ध होने की जानकारी देकर उन्हें बस में बैठाने का प्रयास करना पड़ रहा है। इसके बावजूद पहले जैसी भीड़ नहीं मिल रही। सहायक महाप्रबंधक अमिता सैनी ने बताया कि गर्मी से यात्रियों की संख्या में कमी आई है जिससे आय पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डों पर पेयजल और छाया की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बसों का संचालन नियमित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
दुकानदार हो रहे मायूस
यात्रियों की कमी का असर बस अड्डे के आसपास के व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। चाय विक्रेता सुनील गुप्ता ने बताया कि पहले जहां दिनभर ग्राहकों की भीड़ रहती थी अब दोपहर में दुकानें सूनी नजर आती है। वहीं नाश्ते की दुकान चलाने वाले महेश कुमार ने कहा कि यात्रियों की संख्या घटने से बिक्री आधी रह गई है। व्यापारियों का कहना है कि गर्मी कम होने के बाद ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
पांच दिन की आमदनी पर एक नजर
18 मई-7 लाख 36 हजार
19 मई-6 लाख 80 हजार
20 मई-4 लाख 72 हजार
21 मई-6 लाख 48 हजार
22 मई-5 लाख 43 हजार