सैन्य छावनी में जासूसी कर सूचनाएं पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव नंबरों पर भेजने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी के परिजन से पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों ने पूछताछ की। पुलिस ने उन्हें क्षेत्र से बाहर जाने पर सूचना देने को कहा है।
बठिंडा छावनी में सेना की वर्दी सिलाई का कार्य करने वाले रकीब निवासी ग्राम डोसनी कोतवाली लक्सर को सेना की इंटेलिजेंस ने सेना से संबंधित जानकारियां पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव नंबरों पर भेजने के आरोप में हिरासत में लिया था। उसके मोबाइल फोन में कुछ संवेदनशील जानकारियां मिलने की बात कही गई है। पूछताछ के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
मामले की जानकारी के बाद लक्सर पुलिस और खुफिया विभाग हरकत में आ गया था। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों की ओर से पहले गांव में इसके बाद कोतवाली बुलाकर उनसे पूछताछ कर जानकारी ली जा रही थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। उनसे पूछताछ के बिंदुओं और मिली जानकारी को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
उन्हें क्षेत्र से बाहर जाने की सूरत में पुलिस को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया कि उनकी निगरानी जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि बठिंडा में गिरफ्तार आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर जानकारी ली गई थी। बाद में उन्हें घर वापस भेज दिया गया।