उर्वरक विक्रय में अनियमितता के मामले में सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई की गाज गिरी है। गन्ना एवं चीनी आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्ताेलिया ने सचिव प्रभारी सूरजभान सिंह को निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर प्रमेंद्र कुमार को समिति में सचिव प्रभारी का कार्यभार सौंपा गया है।
16 अप्रैल की रात को गन्ना समिति गोदाम में एक ट्रक में यूरिया की लोडिंग के दौरान हंगामा हो गया था। मामले में उर्वरक की चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। विभागीय जांच के दौरान समिति के एक कर्मचारी राजवीर को निलंबित कर दिया गया था। प्रकरण की विभागीय जांच चल रही थी। इस बीच प्रकरण में अब समिति के सचिव प्रभारी सूरजभान सिंह पर भी कार्रवाई की गाज गिरी है।
गन्ना आयुक्त ने उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। उन्हें फिलहाल सहायक गन्ना आयुक्त कार्यालय देहरादून से संबद्ध किया गया है। प्रकरण में तत्कालीन सचिव प्रभारी पर लगे अनाधिकृत उर्वरक क्रय विक्रय, सामयिक लिपिक को कार्य मुक्त होने के उपरांत भी गोदाम प्रभारी के तौर पर कार्यों का निर्वहन कराना, समिति को आर्थिक क्षति और कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोपों की जांच की जाएगी। इसके लिए सहायक गन्ना आयुक्त को जांच अधिकारी बनाया गया है। गन्ना आयुक्त ने प्रमेंद्र कुमार को समिति का प्रभार सौंपने के आदेश भी जारी किए हैं।