उत्तर प्रदेश से अफीम की बड़ी खेप लेकर आए दूसरे ड्रग पैडलर को भी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 216 ग्राम अफीम बरामद की गई।
क्षेत्र में अफीम आने की सूचना पर मंगलवार देर रात को पुलिस ने लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर घेराबंदी कर 125 ग्राम अफीम के साथ आरोपी परमेश्वरी निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में उसने बदायूं निवासी एक व्यक्ति से बेचने के लिए अफीम मंगवाने की जानकारी दी थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि अजय नामक एक एजेंट बदायूं से अफीम की बड़ी खेप लेकर लक्सर आया है। उसे भी अजय ने ही स्मैक उपलब्ध कराई थी। आरोपी परमेश्वरी को जेल भेजने के बाद कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने अलग-अलग टीमों को अफीम लेकर आए एजेंट की तलाश में लगाया था।
इस दौरान बुधवार देर रात बाजार चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने हेड कांस्टेबल रियाज अली और राजपाल सिंह के साथ रेलवे स्टेशन के समीप से आरोपी अजय निवासी ग्राम बिहारी गोरिया थाना कुमरगांव जनपद बदायूं उप्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 216 ग्राम अफीम बरामद की गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।