भुरना और भुरनी गांव में विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्र पर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है।
जनवरी माह में विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश के दौरान क्षेत्र के भुरना गांव में प्राथमिक विद्यालय और भुरनी गांव के आंगनबाड़ी केंद्र, किसान इंटर कॉलेज व प्राथमिक विद्यालयों में चोरी की वारदातें हुई थीं। अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर घटनाओं का पता लगा।
मामले में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के नेतृत्व में पुलिस टीमें वारदातों के खुलासे में जुटी थीं। सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित कर लिया।
शुक्रवार रात को ठोस जानकारी मिलने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रोहित उर्फ लीला, अजीत और सोहित निवासी ग्राम भुरना कोतवाली लक्सर व गगन निवासी ग्राम दाबकी कलां कोतवाली लक्सर बताए। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर विद्यालयों से चोरी किया गया तीन लाख का सामान बरामद किया गया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपियों में तीन भुरना गांव के हैं। उन्हें जानकारी थी कि शीतकालीन अवकाश के दौरान विद्यालय दो सप्ताह से अधिक समय तक बंद रहेंगे। इस दौरान वह आसानी से चोरी को अंजाम देने के साथ ही चोरी के सामान को भी ठिकाने लगा देंगे। घने कोहरे में रात के समय उन्होंने वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।