गंगनहर के घाट पर स्नान के दौरान एक युवक का पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बहकर डूबने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई।
सोमवार को वासिफ निवासी नगला बुजुर्ग, थाना भोपा मोरना (मुजफ्फरनगर) अपने परिवार के साथ साबिर पाक की जियारत करने पिरान कलियर आया था। जियारत के बाद वह गंगनहर के घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ घाट पर लगी चेन से छूट गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। युवक को बहता देखकर घाट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बिना देर किए गंगनहर में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर युवक को डूबने से बचा लिया गया है।