मालवीय चौक के पास लगा जाम। -संवाद
शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव और कमजोर ट्रैफिक प्रबंधन के चलते जाम की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। सोमवार दोपहर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर गणेशपुर पुल से लेकर आजादनगर चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मालवीय चौक पर जाम में फंसे वाहन चालक आपस में भिड़ गए। बमुश्किल लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
कई स्थानों पर कार, बाइक, ई-रिक्शा और भारी वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए। जाम का सबसे ज्यादा असर मालवीय चौक पर देखने को मिला जहां आगे निकलने को लेकर कुछ वाहन चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम खुलवाने के लिए मौके पर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा जिससे समस्या और गंभीर हो गई।
दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी होने पर स्कूल बसों और अभिभावकों के वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। इसके कारण मालवीय चौक, सिविल लाइंस, रेलवे रोड और मुख्य बाजार क्षेत्रों में भी जाम लग गया। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी का सामना करना पड़ा। शहरवासियों ने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने और प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात करने की मांग की है।
ट्रैफिक सिग्नल लाइट नहीं आ रही काम
करीब पांच साल पहले शहर के चौराहों पर लगाई गई ट्रैफिक सिग्नल लाइट भी काम नहीं आ रही है। एक करोड़ की लागत से लगाई गई लाइटें तकनीकी खराबी के दुरुस्त नहीं होने और पुलिस की ओर से इनका संचालन अपने हाथ में नहीं लेने के चलते ठप पड़ी है।