थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार और जागरूकता देने के उद्देश्य से राजीव गांधी कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र व गिफ्ट-ग्लोबली इंटीग्रेटिड फाउंडेशन फॉर थैलेसीमिया की देखरेख में शनिवार को सिविल अस्पताल में निशुल्क एचएलए (ह्यूमन ल्यूकोसाइट एंटीजन) जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 22 मरीजों का पंजीकरण किया गया। इनमें 14 मरीजों की एचएलए निशुल्क जांच की गई। शिविर के दौरान थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों को विशेषज्ञों की ओर से निशुल्क परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर राजीव गांधी कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र से बाल रक्त विकार एवं बोन मैरो विशेषज्ञ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप जैन की ओर से अभिभावकों एवं मरीजों को एचएलए जांच, बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया, उपचार की संभावनाओं और भविष्य की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
डॉ़ संदीप जैन ने बताया कि एचएलए जांच बोन मैरो प्रत्यारोपण के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण होती है। इससे उपयुक्त डोनर की पहचान संभव हो पाती है। शिविर में क्षेत्र से अधिक थैलेसीमिक बच्चे और उनके अभिभावकों ने अधिक संख्या में पहुंचकर निशुल्क जांच का लाभ उठाया। शिविर के दौरान प्रदीप नेगी, प्रीति डंगवाल, नीतू शर्मा, कुलवीर, हिमांशु राणा, विश्वादीपक, मोहम्मद दानिश, संजय चौहान, अंकित सैनी, प्रदीप जोशी टीम में शामिल रहे।