लक्सर। तहसील मुख्यालय पर बनाए गए आपदा प्रबंधन एवं परिचालक केंद्र पर तैनात तीन कर्मचारियों के ड्यूटी पर नहीं मिलने के चलते एसडीएम ने उनका वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीएम और सीडीओ को भेजी है।
लक्सर क्षेत्र बाढ़ के लिहाज से अति संवेदनशील है। इसके मद्देनजर तहसील प्रशासन ने लक्सर तहसील क्षेत्र में भिक्कमपुर, बालावाली, माडाबेला और गोवर्धनपुर में चार बाढ़ राहत चौकियां बनाई हैं। मानसून के आगमन के साथ ही तहसील मुख्यालय पर बने आपदा प्रबंधन एवं परिचालन केंद्र पर एक जून से ही अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी को सूचना मिल रही थी कि कुछ कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। लिहाजा उन्होंने शनिवार देर रात करीब एक बजे आपदा प्रबंधन एवं परिचालन केंद्र का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि केंद्र पर लक्सर ब्लॉक मुख्यालय से सहायक लेखाकार सौरभ, लेखाकार राजीव त्रिपाठी, खानपुर ब्लॉक मुख्यालय से कनिष्ठ सहायक सिद्धार्थ जैन की ड्यूटी लगाई गई थी। निरीक्षण के दौरान पता चला कि तीनों एक जून से ही ड्यूटी पर नहीं आए। विभाग की ओर से उन्हें लगातार पत्राचार कर ड्यूटी पर आने के लिए कहा जा रहा था। शनिवार को निरीक्षण के दौरान तीनों नदारद मिले। ऐसे में तीनों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी और जिला विकास अधिकारी को तीनों कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी है।