ढंडेरा नगर पंचायत में आपदा राहत चेक वितरण के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट में भाजपा नेता एवं सभासद विकास पाल घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। वहां फिर से नोकझोंक हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर सभी को बाहर खदेड़ दिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा नगर पंचायत में आपदा राहत राशि के चेक बांटे जा रहे थे। इस दौरान भाजपा नेता विकास पाल मौजूद थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने चेक वितरण में बाधा डाली और विरोध करने पर मारपीट कर दी। घटना के बाद गुस्साए दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। वहां जमकर तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने नोकझोंक कर रहे लोगों को परिसर से बाहर निकालकर मामला शांत कराया। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।