पुरानी रंजिश में दो पक्षों में कहासुनी के साथ जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही माहौल खराब करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित लिब्बरहेड़ी गांव निवासी अतुल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार को वह पड़ोस के ही आलम के घर में बैठा था। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही आधा दर्जन से अधिक लोग घर में घुस आए और तमंचे की बट व चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू पेट में लग गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उधर, दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से परिवार के पोपिन के साथ मारपीट कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि एक पक्ष के पवन, बिजेंद्र, अरविंद, राजवीर, पोपिन और दूसरे पक्ष के अतुल, श्लोक, नवीन, शिवकुमार, सुखदेव, अंकुल, विपिन के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।