कपड़ा कारोबारी का घर अपनों ने ही दिनदहाड़े खंगाल डाला। आरोप है कि पुत्री और दामाद ने घर का ताला खोलकर 90 लाख रुपये समेट लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट को मुकदमे की जांच मिली है।
गंगनहर कोतवाली को अंबर तालाब निवासी कपड़ा कारोबारी मोहम्मद सरवर ने तहरीर देकर बताया कि उन्हें 10 अप्रैल को रात 8:00 बजे करीब पड़ोसी से फोन पर पुराने मकान का ताला खुला होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपने पुराने घर पहुंचे तो वहां उन्हें कमरे से खाली बैग मिला था। बैग से लाखों की रकम गायब थी। एक झटके में घर से लाखों रुपये की बड़ी रकम चोरी होने पर उन्होंने अपने स्तर से पड़ताल की।
तब पता चला कि पुत्री शीबा दोपहर के वक्त घर पर आई थी और अपने पति अजीम से बात कर रही थी। इसके बाद पुत्री का घर पर दो-तीन बार आना-जाना भी हुआ था। उन्हें शक है कि पुराने घर की चाबी चोरी कर रुपये पुत्री और दामाद ने समेट लिए हैं। एक झटके में इतनी बड़ी रकम चोरी होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि चोरी के आरोप में शीबा और अजीम निवासी अंबर तालाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीआईयू को मिली अहम लीड
लाखों रुपये की रकम घर से दिनदहाड़े साफ होने के मामले में सीआईयू ने भी कड़ी से कड़ी जोड़कर अपनी जांच को आगे बढ़ाया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चोरी के मामले में अहम सुराग हाथ लग चुके हैं। जल्द पुलिस लाखों की चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा कर सकती है।