हाईवे पर लिब्बरहेड़ी के नजदीक दिया वारदात को अंजाम, दुकानों से रुपये लेकर घर लौट रहा था सप्लायर
पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, तहरीर के आधार पर जांच शुरू
मंगलौर। क्षेत्र में बदमाशों ने एक कपड़ा सप्लायर को निशाना बनाते हुए उससे 32 हजार रुपये लूट लिए। आरोप है कि पांच से छह बदमाशों ने पहले उसकी स्कूटी रुकवाई और फिर मारपीट कर नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर जिले के मिमलाना रोड निवासी गुफरान ने मंगलौर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह बच्चों के कपड़ों की दुकानों पर सप्लाई करने का काम करता है। कारोबार के सिलसिले में उसका रुड़की, लंढौरा, मंगलौर और लक्सर आना-जाना रहता है। 21 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे वह विभिन्न दुकानों से रुपये इकट्ठा कर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। पीड़ित के अनुसार, जब वह हाईवे पर डायरेक्शन बोर्ड के पास लिब्बरहेड़ी के नजदीक पहुंचा तो पांच से छह बदमाशों ने हाथ देकर उसकी स्कूटी रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और 32 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई घटना से घबराए गुफरान ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए तहरीर दी। सीओ अभिनव चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
परिचित की मुखबिरी पर हुई कपड़ा सप्लायर से लूट, पुलिस को करीबियों पर शक
कपड़ा सप्लायर से 32 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस की जांच अब करीबियों और मुखबिरों के इर्द-गिर्द घूम रही है। वारदात को अंजाम देने के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पीड़ित के आने-जाने के रास्ते और समय की पूरी जानकारी थी। माना जा रहा है कि किसी परिचित ने ही उनकी गतिविधियों की जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई होगी। पुलिस अब उन दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, जहां से पीड़ित ने रकम एकत्र की थी। पुलिस की ओर से सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।