प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति के बिना चल रहे शहर के सात प्रमुख होटल सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश पर सील कर दिए गए। आज मंगलवार को दो होटल और एक मोटर वर्कशॉप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं प्रशासन की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से अन्य होटल मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
शहर में कई होटल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति के बिना चल रहे हैं। इन्हें बंद करने के लिए बोर्ड मुख्यालय देहरादून से 23 फरवरी 2017 को आदेश जारी किए गए थे, लेकिन होटल बंद नहीं किए गए। उसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था। हाल ही में हाईकोर्ट ने ऐसे सभी होटलों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं जो प्रदूषण बोर्ड की अनुमति के बिना चल रहे हैं। इस पर स्थानीय प्रदूषण बोर्ड हरकत में आया और 23 मार्च को संबंधित होटल मालिकों को सीलिंग की कार्रवाई की सूचना जारी कर दी।
सोमवार को एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान एवं क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी प्रदीप कुमार जोशी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर स्थित मोटल पॉलरिस, प्रेजीडेंट, मोहनपुरा स्थित होटल ऑल सीजन, होटल विशाल, रामनगर स्थित होटल सिद्धार्थ, आनंद गेस्ट हाउस और मलकपुर चुंगी स्थित होटल हाईवे को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जुटी, लेकिन किसी ने विरोध नहीं किया। प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की इस कार्रवाई से बिना अनुमति के होटल चला रहे प्रबंधकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। बोर्ड अधिकारी प्रदीप कुमार जोशी ने बताया कि गणेशपुर (रुड़की) स्थित होटल सैगरी टेयर, हरिद्वार में सेवा प्लेस और हरिद्वार में हाईटेक मोटर वर्कशॉप के खिलाफ आज मंगलवार को कार्रवाई की जाएगी।