- उत्तराखंड राज्य चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर 8 का हुआ चयन
- पांच से 15 दिसंबर तक बंगलूरू में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
रुड़की। देहरादून में आयोजित 26वीं उत्तराखंड राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप एवं चयन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रुड़की के आठ खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ी 5 से 15 दिसंबर तक बंगलूरू में होने वाली 64वीं आरएसएफआई राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ी कोच प्रिंस पाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
14 और 15 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह से आठ वर्ष कैडेट बालक वर्ग में ध्रुपद रखिल और ध्रुव ठाकुर, आठ से दस वर्ष कैडेट बालिका वर्ग में शान्वी भंडारी तथा 10 से 12 वर्ष कैडेट बालिका वर्ग में अआना प्रताप का चयन हुआ है। वहीं, 12 से 15 वर्ष सब-जूनियर वर्ग में आध्या अग्रवाल, अरि सिंह और भुवन लूथरा तथा 15 से 18 वर्ष जूनियर बालक वर्ग में आर्यन पाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
इसके अलावा अभिनंदन त्यागी, खुशी चौधरी और चैतन्या बंसल को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। कोच प्रिंस पाल ने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतना है। उन्होंने चयन से चूके खिलाड़ियों को निराश न होकर अभ्यास जारी रखने की सलाह दी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।