सड़कों पर पड़े गड्ढे हादसों को दे रहे न्यौता
- फोटो : amarujala
निर्माणाधीन बेगम पुल के दोनों और बनी सड़क में बरसात के चलते बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिनसे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है लेकिन नेशनल हाईवे के अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सुल्तानपुर कस्बे के निकट बेगम नदी का पुल जर्जर होने के बाद करीब तीन महीने पहले नेशनल हाईवे के अधिकारियों की ओर से जर्जर पुल के किनारे नये पुल का निर्माण किया गया है। जिस पर यातायात भी सुचारू हो गया था।
ग्रामीण विपुल कुमार, दिनेश कुमार, सौरव कुमार, तसलीम, सोनू कुमार, मांगेराम, सोमपाल सिंह आदि का कहना है कि करीब 20 दिन पहले हुई बरसात सेे सड़क में गड्ढे हो गए थे। जिसके बाद अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने पर अधिकारी हरकत में आए और उन्होंनें मिट्टी से गड्ढ़े भरने का कार्य शुरू कर दिया था। लेकिन कुछ गड्ढे ऐसे ही छोड़ दिये थे। इसके बाद रविवार को बरसात होने के बाद गड्ढ़ों में भरी मिट्टी भी बह गई। जिससे दोबारा गड्ढे बन गये हैं। जिससे हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नेशनल हाईवे के जेई वालिंदर सिंह का कहना है कि बरसात बंद होते ही गड्ढों के भराव का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।