मुजफ्फरनगर से देर रात दो कारों में सवार होकर लौट रहे लक्सर विधायक के रिश्तेदारों से नकाबपोश बदमाशों ने ब्राह्ममणवाला गांव की पुलिया के समीप सड़क पर पेड़ गिराकर (रोड होल्ड कर) तमंचे की नोक पर डेढ़ लाख रुपये और जेवर लूट लिए। उसके बाद बदमाश तमंचे लहराकर फरार हो गए। पीड़ितों ने रात को ही पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। सुबह विधायक के हस्तक्षेप पर एसएसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
लक्सर कस्बा निवासी संजय बिंदल लक्सर विधायक संजय गुप्ता के रिश्तेदार हैं। शनिवार को संजय बिंदल अपने समधी सतीश के परिवार के साथ दो कारों में सवार होकर मुजफ्फरनगर निवासी एक रिश्तेदार को स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर देखने गए थे। हालचाल जानने के बाद दोनों परिवार देर रात करीब दो बजे दो कारों से घर लौट रहे थे। दोनों कारें खानपुर-लक्सर मार्ग पर ब्राह्ममणवाला की पुलिया के पास पहुंची तो मार्ग के बीचोंबीच एक पेड़ गिरा नजर आया। दोनों कारें रोक कर कारसवार सभी लोग पेड़ हटाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच खेतों से अचानक छह-सात हथियारबंद नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे और सभी पर तमंचे तान दिए। बदमाशों ने संजय के दामाद अभिषेक पर तमंचा तान दिया। उसके बाद अन्य बदमाशों ने संजय से एक लाख, उनके समधी सतीश से 50 हजार, सोने की चेन समेत अन्य जेवर लूट लिए। 15 मिनट की लूट के बाद बदमाश मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। उसके बाद पीड़ित दोनों परिवारों ने मौके से खानपुर पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। सुबह पीड़ित संजय बिंदल ने थाना खानपुर में घटना की तहरीर दी। विधायक संजय गुप्ता ने एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को स्वयं घटना की जानकारी दी। इस पर एससपी, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी अव्वल सिंह रावत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उसके बाद पुलिस ने पीड़ितों को जल्द बदमाश गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
सूचना पर भी सोई रही पुलिस
‘अब पछताए हौत क्या-जब चिड़िया चुग गई खेत’, जी हां इस दोहे की पंक्तियां उस समय चरिथार्त हो गई जब खानपुर-लक्सर मार्ग पर आधा दर्जन से ज्यादा नकाबपोश बदमाश रोड होल्डअप कर कहर बरपाते रहे। पीड़ित परिवारों की सूचना पर भी खानपुर पुलिस रातभर निष्क्रिय बनी रही। उसके बाद सुबह लक्सर विधायक के हस्तक्षेप के बाद खानपुर पुलिस के साथ-साथ आला अधिकारी मौके पर दौड़ते नजर आए।
पीड़ित परिवार के लोगों की मानें तो उन्होंने मौके से पुलिस को घटना की सूचना दी थी, लेकिन उसके बाद कोई मौके पर नहीं पहुंचा। 100 नंबर पर फोन कर सूचना देने का भी प्रयास किया, लेकिन 100 नंबर उठा नहीं। उसके बाद पीड़ित परिवार गोवर्धनपुर चौकी पहुंचा। हो हल्ला करने के बाद चौकी से एक पुलिसकर्मी बाहर निकला और उसने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि वह मौके पर जा रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार से से घर जाने की बात कही। सुबह थाने आकर तहरीर देने की भी बात कही। पीड़ित परिवार का कहना है यदि पुलिस सूचना पर हरकत में आती तो शायद बदमाशों को पकड़ा जा सकता था, लेकिन खानपुर व गोवर्धनपुर पुलिस सोती रही। उसके बाद सुबह जब मामले में लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने हस्तक्षेप किया तो लक्सर, खानपुर सहित जिले के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अव्वल सिंह रावत नेे बताया कि मामले को लेकर तीन टीमें गठित की जा रही हैं। तीनों टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच करेंगी।
...तो बदमाशों ने की फायरिंग
संजय बिंदल के दामाद अभिषेक ने बताया कि जब बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचे की नोक रखी तो वह इतनी गर्म थी कि अभी तक उसकी कनपटी पर जले हुए का निशान है। इससे साफ होता है कि लूटपाट से पहले बदमाश कहीं फायरिंग कर चुके थे।
एक अन्य टेंपो में भी हुई लूट
दो परिवारों से हुई लूट से पहले नकाबपोश बदमाश एक टैंपो को भी शिकार बना चुके थे। टैंपो सवार सुमित, संजय व कल्लू भी करीब दो बजे मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही बदमाशों ने तीनों को कब्जे में करना सोचा तो सुमित मौका देखकर फरार हो गया। संजय व कल्लू के साथ मारपीट करते हुए बदमाशों ने दोनों से 3400 रुपये लूट लिए। पुलिस को अभी तक इस लूट के मामले में तहरीर नहीं मिली है।
किसकी थी गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली
पीड़ित परिवार के अनुसार घटनास्थल पर एक आयशर ट्रैक्टर ट्राली भी सड़क किनारे खड़ी थी। उसमें कुछ गन्ना लदा था, लेकिन सुबह मौके पर पुलिस को ऐसा कोई ट्रैक्टर नहीं मिला। माना जा रहा है कि यदि गन्ने से लदे ट्रैक्टर चालक भी पीड़ित था तो अभी तक वह पुलिस के पास क्यों नहीं पहुंचा। यदि वह घटना के पीड़ित नहीं थे तो मौके पर किसका ट्रैक्टर था। माना जा रहा है कि कहीं घटना को अंजाम देने वाले क्षेत्र के ही तो लोग नहीं हैं। कहीं उन्होंने ही मिल में गन्ना डालने के बाद घटना को अंजाम दिया हो। पुलिस भी मामले को लेकर यहीं शक जता रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अव्वल सिंह रावत का कहना है कि मिल की सीसीटीवी फुटेज लेकर मामले की जांच पड़ताल की जाएगी।
एसओ सस्पेंड, मौके पर पहुंचे डीआईजी
विधायक संजय गुप्ता के रिश्तेदारों के साथ हुई रोड होल्डअप की घटना में पुलिस की ओर से बरती गई लापरवाही पर नाराज एसएसपी हरिद्वार ने खानपुर थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पीड़ित संजय बिंदल की ओर से से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा डीआईजी पुष्पक ज्योति और एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। साथ ही अधिनस्थ अधिकारियों को घटना का जल्द खुलासा करने के आदेश दिए। घटना के संबंध में संजय बिंदल ने खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।