रामपुर गांव के पास सोलानी नदी में अवैध खनन का वीडियो वायरल होने के मामले में एसपी देहात ने जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध खनन की संलिप्तता के शक में सिपाही की भी जांच होगी। वायरल वीडियो की जांच की सूचना मिलते ही अवैध खनन करने वालों और सिपाही में खलबली मची है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर गांव के पास सोलानी नदी में अवैध खनन करते हुए दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें सोलानी नदी में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध खनन करते लोग दिख रहे थे। इतना ही नहीं वीडियो में खनन करने वाले अभद्र भाषा का प्रयोग करते सुनाई दे रहे थे। इसके अलावा एक बड़े पुलिस अधिकारी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही थी। मामला एसपी देहात एसके सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, अवैध खनन में एक सिपाही का नाम भी सामने आने पर एसपी देहात ने उसकी भी जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच करवाई जा रही है। साथ जो लोग दिखाए दे रहे हैं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है।
खबर प्रकाशित होते ही अवैध खनन बंद
अमर उजाला ने 20 मार्च के अंक में यह मुद्दा ‘सोलानी नदी में धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी देहात ने वायरल वीडियो की जांच के साथ ही अवैध खनन के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को सोलानी अवैध खनन करने वाले भूमिगत हो गए।
खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा
लक्सर। बाणगंगा नदी में अवैध खनन के मामले में कोतवाली पुलिस ने राजस्व उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग रहा है। खनन माफिया शाम ढलते ही गंगा, बाणगंगा और सोलानी नदी में जमकर अवैध खनन कर रहे हैं। पिछले दिनों पहले ग्रामीणों ने एसडीएम पूरण सिंह राणा से शिकायत कर बताया था कि जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी गांव के पास बाणगंगा नदी में जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने राजस्व उप निरीक्षक को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। राजस्व उपनिरीक्षक अतुल देव ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सामने आया कि खनन माफिया ने करीब दस हजार घन मीटर में खनन किया है। उन्होंने पुलिस को अज्ञात खनन माफिया के खिलाफ तहरीर दी थी। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।