सरकार की ओर से दवाओं को प्रतिबंधित किए जाने के फैसले पर रुड़की केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने विरोध जताया है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि दवाओं पर प्रतिबंध बाद में लगाया गया है। जबकि इससे पहले स्टॉक उनके पास आ चुका था।
शनिवार को रुड़की केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक होटल में बैठक हुई। बैठक में औषधि निरीक्षक हरिद्वार नीरज कुमार बतौर मुख्य अतिथि रहे। एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश शर्मा ने केमिस्टों की समस्या मुख्य अतिथि के समक्ष रखते हुए कहा कि सरकार ने जिन दवाओं पर प्रतिबंध लगाया है।
उसके कारण केमिस्ट बेहद परेशान है। दवाओं पर प्रतिबंध बाद में लगाया गया। जबकि उससे पहले उन दवाओं के स्टॉक केमिस्टों के पास पहुंच चुके थे। यह दवाएं काफी महंगी है। प्रतिबंध की वजह से इन दवाओं का केमिस्ट नहीं बेच रहे हैं। इससे केमिस्टों को भारी नुकसान होगा। सरकार को चाहिए कि या तो वह इन दवाओं से प्रतिबंध हटाए या फिर इन सभी दवाओं को वापस मंगवा ले। ताकि केमिस्टों को घाटे से बचाया जा सके। एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र शर्मा ने कहा कि शहर और देहात क्षेत्र के सभी केमिस्ट इसको लेकर बेहद परेशान है। कोषाध्यक्ष संजीव गोयल ने कहा कि दवाओं को वापस मंगवाए जाने को लेकर सरकार को जल्द कोई कदम उठाना चाहिए।
मुख्य अतिथि औषधि निरीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि वह केमिस्टों की इस समस्या को आगे पहुंचाएंगे ताकि केमिस्टों की समस्या को दूर किया जा सके। बैठक में अनुज कुमार, महबूब, शकील अहमद, रमन लाल गोयल, चौधरी जोध सिंह, मोहम्मद शाहिद, बालकृष्ण शर्मा, अभय जैन, अब्दुल वहीद, अमित अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, अवनीश घई, अमरजीत सिंह, डारलिंग त्यागी, हैप्पी चौधरी, मनोज अग्रवाल, मनोज कुमार, मनोज सक्सेना, मुकेश जैन, नरेंद्र सैनी, प्रदीप गोयल, प्रमोद चौधरी, राजीव भारद्वाज, राजेश सचदेवा, संदीप शर्मा, संजय गौतम, सचिन गुप्ता, विपिन गुप्ता, विवेक गुप्ता एवं विरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।