100 से अधिक गांवों के मरीजों का सहारा लक्सर सीएचसी बदहाल, नौ में से चार चिकित्सकों के पद खाली महिला रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट तक नहीं
250 तक ओपीडी पांच ही चिकित्सकों पर जिम्मेदारी, अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं
राजीव नामदेव
लक्सर। तहसील क्षेत्र में नगर और देहात क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों की दो लाख से अधिक आबादी की सेहत की देखभाल का जिम्मा संभाल रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में चिकित्सक और संसाधनों की कमी है। अस्पताल में चिकित्सक के नौ पद सृजित हैं लेकिन इनमें चार पद करीब आठ महीनों से खाली चल रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक के साथ यहां दो स्वास्थ्य अधिकारी और एक बाल रोग विशेषज्ञ अस्पताल में रोजाना पहुंचने वाले 200 से 250 मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी उठा रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से भी यहां दो चिकित्सक तैनात किए गए हैं। अस्पताल में नर्स के पांच पद स्वीकृत हैं लेकिन इनमें एक नर्स किसी अन्य अस्पताल में अटैच हैं। एक नर्सिंग इंचार्ज के अलावा एक अन्य नर्स यहां तैनात हैं। सामान्य बीमारियों के उपचार से लेकर गर्भवतियों की जांच, प्रसव और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में परेशानी आ रही है। अस्पताल में चिकित्सक और चिकित्सा स्टाफ के 105 पद में आधे से अधिक खाली हैं। इससे यहां तैनात चिकित्सक और कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव है।
-
100 से अधिक प्रसव, न महिला चिकित्सक न अल्ट्रासाउंड की सुविधा
लक्सर। लक्सर सीएचसी पर हर महीने 90 से 100 महिलाओं का प्रसव हो रहा है बावजूद यहां महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं की गई है। चिकित्सा अधीक्षक प्रशासनिक कार्यों और ओपीडी के साथ प्रसव की भी जिम्मेदारी उठा रहे हैं। रेडियोलाॅजिस्ट की तैनाती नहीं होने से यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ता है। इतना ही नहीं, अस्पताल में एक्सरे टेक्निशियन की कमी से एक्सरे की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। देहरादून से जेनरेट होने वाली एक्सरे रिपोर्ट के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता है।
जलभराव की समस्या से परेशानी
लक्सर। मुख्य मार्ग के नवीनीकरण के बाद अस्पताल परिसर सड़क के मुकाबले गहराई में चला गया है। इसके चलते जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से परिसर में जलभराव की समस्या बनी हुई है। दूषित पानी जमा होने से अस्पताल आने वाले मरीजों और कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, परिसर में बने आवासों में रहने वाले अधिकारियों और उनके परिजनों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
-
चिकित्सक और कर्मचारियों की तैनाती के संबंध में उच्चाधिकारियों के स्तर से निर्णय लिया जाता है। उपलब्ध स्टाफ और संसाधनों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास रहता है। डाॅ. सैयद रफी अहमद, चिकित्सा अधीक्षक