फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Roorkee News: किसानों को राहत, 2680 टन यूरिया की रैक रुड़की पहुंची

विज्ञापन
विज्ञापन
फसलों के लिए यूरिया का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। इफको से लगभग 2680 टन यूरिया की एक रैक उत्तराखंड पहुंच गई है। हरिद्वार जनपद के साथ देहरादून व अन्य जनपद की सहकारी समितियों के गोदामों में यूरिया पहुंचना आरंभ हो गई है। शुक्रवार से समितियों में किसानों को यूरिया का वितरण आरंभ हो जाएगा।
विज्ञापन

हरिद्वार जनपद सहित प्रदेश की अधिकांश समितियों में यूरिया समाप्त होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन दिनों किसान खरीफ की फसल की बुआई की तैयारियां कर रहे हैं। ऐसे में यूरिया नहीं मिल पाने से किसान परेशान थे। यूरिया के लिए किसान समितियों के चक्कर लगा रहे थे। इफको के अधिकारियों की ओर से यूरिया के लिए डिमांड भेजी गई थी।
बृहस्पतिवार को लगभग 2680 टन यूरिया की एक रैक रुड़की पहुंच गई। इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार जोशी ने बताया कि हरिद्वार जनपद की 43 सहकारी समितियों के अलावा देहरादून सहित अन्य जनपद की समितियों को यूरिया भेजने का कार्य आरंभ हो गया है। समितियों की डिमांड के अनुसार गोदामों में यूरिया पहुंच रहा है। शुक्रवार से किसानों को भी वितरण आरंभ हो जाएगा।
विज्ञापन

इफको और खुले बाजार से खरीदारी
सहकारी समितियों में यूरिया उपलब्ध नहीं होने से परेशान किसान इफको बाजार और खुले बाजार से यूरिया खरीद रहे थे। दानेदार यूरिया नहीं मिल पाने पर किसान तरल नैनो यूरिया भी खरीद रहे हैं। वहीं, बाजार में दानेदार यूरिया की खरीद के लिए उन्हें अधिक कीमत भी चुकानी पड़ रही है।
डिमांड के मुताबिक यूरिया की एक रैक पहुंची है। लक्सर की 11 सहकारी समितियों को यूरिया भेजा जा रहा है। शुक्रवार से किसानों को यूरिया मिलने लगेगा। - विनोद कुमार जोशी, क्षेत्रीय प्रबंधक, इफको
गन्ना समिति पर उर्वरक के लिए करना पड़ेगा इंतजार
समिति ने अब तक नहीं भेजी उर्वरक की डिमांड
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्सर। सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर से जुड़े 50 हजार से अधिक किसानों को उर्वरक के लिए इंतजार करना पड़ेगा। समिति में उर्वरक वितरण को लेकर चल रही जांच के चलते फिलहाल उर्वरक नहीं मंगाया जा रहा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गन्ना समिति में पिछले दिनों उर्वरक की वितरण में अनियमितताओं और स्टाॅक में अंतर सामने आने के बाद विभाग गहनता से इसकी जांच करा रहा है। जांच प्रक्रिया के चलते फिलहाल समिति की ओर से उर्वरक नहीं मंगाया जा रहा है। इस माह भी समिति की ओर से इफको को उर्वरक के लिए डिमांड नहीं भेजी गई थी।
लिहाजा बृहस्पतिवार को यूरिया की रैक पहुंचने के बावजूद गन्ना समिति गोदाम में यूरिया नहीं पहुंचेगा। हालांकि लक्सर की 11 सहकारी समितियों में उर्वरक भेजा जा रहा है। गन्ना समिति में यूरिया नहीं मिलने से समिति के 50 हजार से अधिक सदस्य किसानों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। स्थानीय किसान राकेश कुमार, कमलकांत, बबलू ने बताया कि समिति में पिछले कई दिनों से यूरिया नहीं है।

फसल के लिए यूरिया की आवश्यकता पड़ रही है। यूरिया नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं, समिति के प्रभारी सचिव परमिंदर सिंह ने बताया कि उर्वरक खरीद के लिए बजट स्वीकृति की प्रक्रिया गतिमान है। किसानों को परेशानी न हो इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें