फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाला सफाई का पीट रहे ढोल, हकीकत खोल रही पोल

विज्ञापन
विज्ञापन
रविवार रात से शुरू हुई बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। जगह-जगह पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर में जलनिकासी के लिए नाला निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते इस बार भी लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। सबसे बुरी हालत कृष्णानगर क्षेत्र की हुई। यहां लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। कई अन्य इलाकों में भी जलभराव भारी मुसीबत बना।
विज्ञापन

बरसात से पूर्व हर बार नाला सफाई का ढिंढोरा पीटा जाता है। इस बार भी नाला सफाई का काम युद्ध स्तर पर करने के दावे किए गए, लेकिन जब बारिश हुई तो जलभराव की हकीकत ने सारी पोल खोलकर रख दी। लोगों का कहना है कि जब तक जलनिकासी के लिए नालों का निर्माण ठीक ढंग से नहीं होगा, नाला सफाई आदि की कवायद बेमानी साबित होगी। इसी के चलते बारिश के कारण सोमवार को शहर के कई हिस्सों में बुरे हालात पैदा हो गए। कृष्णानगर की हर गली में पानी ही पानी दिखाई दिया। यहां सड़कें टूटी हुई थीं, वहां पानी के साथ कीचड़ और दलदल हो गया। इससे लोग घरों में कैद होकर रह गए और नगर निगम को कोसते नजर आए। इसके अलावा अंबर तालाब में भी जलनिकासी की बरसों पुरानी समस्या का समाधान नहीं होने से यहां भारी जलभराव हुआ। बाजार की सड़कें लबालब हो गईं। सुभाषनगर, राजेंद्रनगर, अशोकनगर, ढंडेरा, चंद्रपुरी, ग्रीन पार्क कॉलोनी, श्यामनगर, जलालपुर, शिवाजी कॉलोनी, भारतनगर, आदर्श शिवाजीनगर, मिलापनगर, राजबिहार कॉलोनी आदि कॉलोनियों में भी सड़कों और गलियों में जलभराव हुआ।
--
तालाब बने खाली प्लाट
शहर में रविवार से हो रही बारिश से खाली पड़े प्लाट तालाब में तब्दील हो गए। कुछ जगह स्थिति ये थी कि सड़क और प्लाट में पानी भरा होने के चलते सड़क तक नहीं दिख रही थी। ऐसे में हादसे होने का डर बना रहा। दुर्गा कॉलोनी में एक प्लाट और सड़क पर भरे पानी के चलते राहगीरों को सड़क दिखाई नहीं दी। ऐसे में किसी अनहोनी के डर से लोगों ने अनजान राहगीरों के लिए सड़क किनारे झाड़ियां डालकर लोगों का मार्गदर्शन किया।
विज्ञापन

--
सड़कों के गड्ढे बने हादसों का सबब
शहर के कुछ इलाकों में इस समय एडीबी ओर से बिछाई गई सीवर लाइन से कनेक्शन देेने का काम चल रहा है। इसके लिए एडीबी ने सड़क खोदकर गड्ढे बनाए हैं। सोमवार को हुई बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया। कुछ जगह गड्ढे पानी भरने से ये हादसों का सबब बने। सोमवार को रामनगर में एक बुजुर्ग की साइकिल सड़क के गड्ढे में फंस गई। गनीमत रही कि बुजुर्ग के गिरते ही आसपास के लोगों ने उन्हें उठा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें